भागलपुर: अभिनेत्री नेहा शर्मा ने कहा कि राज्य में महागठबंधन की सरकार बनेगी तो बेरोजगारी दूर होगी और विकास भी होगा। नेहा अपने पिता अजीत शर्मा (कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी) के पक्ष में प्रचार करने भागलपुर आई हुई हैं। रविवार को वह रोड शो भी करेंगी।
शनिवार को होटल वैभव में नेहा ने प्रेसवार्ता भी की। कहा कि पांच वर्षों तक विधायक रहते पिताजी ने कई विकास कार्य किए। इस बार भी अगर विधायक बने तो शिक्षा, चिकित्सा, सड़क आदि में सुधार किया जाएगा। कुछ विकास कार्य इसलिए नहीं हो पाए क्योंकि राज्य में अन्य पार्टियों की सरकार है। उन्होंने कहा कि भागलपुर में हवाई सेवा अनिवार्य है। ताकि मरीज से लेकर उद्योगपतियों का आवागमन आसानी से हो सके, इससे शहर में उद्योग भी लगाने का रास्ता आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भोलानाथ पुल और जर्जर सड़क भी यहां के लोगों के लिए मुद्दा है। उन्होंने कहा कि रोड शो के जरिए लोगों को पहले वोट देने के लिए जागरुक किया जाएगा।
सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बारे में उन्होंने कहा कि यह चौकाने वाला था। न्याय मिलना चाहिए। लेकिन कभी भी आत्महत्या करने का प्रयास नहीं करना चाहिए। जितने भी कलाकार आते हैं उन्हें सफलता के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। इस बीच केवल अपने काम पर ध्यान दें, मनोबल टूटने नहीं दें।