मुंबई: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को बड़ी राहत मिली है। बांबे हाई कोर्ट (Bombay High Court) से रिया चक्रवर्ती को एक लाख के निजी मुचलके पर जमानत (Bail) मिल गई है। हालांकि रिया के भाई शौविक की जमानत याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। रिया करीब एक महीने से NDPS ऐक्ट के तहत भायखला जेल में बंद थीं। एनसीबी ने रिया से लंबी पूछताछ के बाद 9 सितंबर को गिरफ्तार किया था।
हाई कोर्ट ने रिया चक्रवर्ती को सर्शत जमानत दी है। कोर्ट ने कहा है कि जमानत के बाद 10 दिनों तक रिया को पुलिस स्टेशन में हाजिरी देनी होगी। वह कोर्ट के आदेश के बिना विदेश नहीं जा सकती हैं, उन्हें अपना पासपोर्ट जमा कराना होगा। रिया के साथ कोर्ट ने सैमुअल मिरांडा और दीपेश सावंत को भी ज़मानत दी है, लेकिन शौविक के साथ अब्दुल बासित की ज़मानत याचिका को खारिज कर दिया है।