मुंबई में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की आलोचना वाले कार्टून को व्हट्सएप पर फॉरवर्ड करने को लेकर शिवसैनिकों ने पूर्व नौसेना के एक अधिकारी पर शुक्रवार को जानलेवा हमला किया था। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को समता नगर पुलिस स्टेशन से जमानत मिल गई।
आरोपियों को जमानत देने के बाद पीड़ित पूर्व नौसेना अधिकारी मदन शर्मा की बेटी ने भाजपा नेताओं के साथ मुंबई के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गैर-जमानती अपराधों के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।
इससे पहले नौसेना के पूर्व अधिकारी की बेटी ने कहा कि ‘एक वरिष्ठ नागरिक पर हमला किया गया है, पुलिस को पता होना चाहिए कि आरोपियों को किस धारा के तहत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्हें हत्या के आरोपों के तहत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। यह गैर-जमानती होनी चाहिए।’
वहीं, सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी मदन शर्मा ने न्यूज एजेंसी एएनआई से शनिवार को कहा कि “हमारे देश में, हर व्यक्ति को अपनी अभिव्यक्ति जाहिर करने की स्वतंत्रता है और व्हाट्सएप लोगों से जुड़े रहने और जानकारी साझा करने का एक माध्यम है। सरकार को संदेश के स्रोत की पहचान करने के लिए उपाय करना चाहिए, जहां से यह उत्पन्न होता है।”
दरअसल, शुक्रवार को मुंबई पश्चिमी के उपनगर कांदिवली में पूर्व नौसेना अधिकारी मदन शर्मा पर आधा दर्जन से अधिक शिवसैनिकों ने जानलेवा हमला किया था। इस मामले में मुंबई पुलिस ने शिवसेना नेता कमलेश कदम समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें समता नगर पुलिस स्टेशन ने जमानत दे दी।
(amarujala.com)