कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) का फाइनल मैच 10 सितंबर को खेला गया, जिसमें ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने खिताब अपने नाम किया। वेस्टइंडीज के स्टार ऑल-राउंडर कीरोन पोलार्ड ने ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई, अब वो युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) पहुंच गए हैं और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी फ्रेंचाइजी टीम मुंबई इंडियंस से जुड़ गए हैं। पोलार्ड अपने पूरे परिवार के साथ अबु धाबी पहुंचे, वहीं शेरफने रदरफोर्ड भी सीपीएल खत्म होने के बाद मुंबई इंडियंस से जुड़ गए हैं।
कोविड-19 महामारी के चलते इस साल आईपीएल यूएई में खेला जा रहा है। पोलार्ड के साथ शेरफने रदरफोर्ड भी मुंबई इंडियंस टीम से जुड़ गए हैं। मुंबई इंडियंस ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी दी है। आईपीएल के सभी मैच अबु धाबी, दुबई और शारजाह में खेले जाएंगे। आईपीएल का पहला मैच 19 सितंबर को डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाना है। पोलार्ड और रदरफोर्ड को छह दिन क्वारंटाइन में रहना होगा, लेकिन पहले मैच से पहले दोनों ही खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे, बशर्ते दोनों की कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट्स नेगेटिव आएं।
मुंबई इंडियंस इकलौती ऐसी फ्रेंचाइजी टीम है, जिसने अपने खिलाड़ियों को फैमिली साथ लाने की इजाजत दी है। कप्तान रोहित शर्मा भी अबु धाबी में पत्नी रितिका और बेटी समायरा के साथ ही पहुंचे हुए हैं।