मुजफ्फरनगर:नए कृषि कानून के विरोध में चल रही किसानों आंदोलन के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर एक बार फिर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अहंकारी राजा की तरह व्यवहार करते हैं। किसान आंदोलन को लेकर प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी ने खरबपतियों के लिए कृषि कानून बनाया है। प्रियंका गांधी ने पीएम के विदेश दौरे को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया। प्रियंका गांधी ने कहा, पीएम विदेश दौरा करते हैं, पर किसानों से मुलाकात तक नहीं करते। महापंचायत को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने 1988 में वोट क्लब पर भारतीय किसान यूनियन के आंदोलन की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि पिता जी राजीव गांधी की सरकार ने किसानों की बात मानी थी। बढ़ रही महंगाई का जिम्मेदार प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को ठहराया।
प्रियंका गांधी मुजफ्फरनगर के बघरा के स्वामी कल्याणदेव डिग्री कॉलेज में महापंचायत को संबोधित करने पहुंची थीं। महापंचायत में संबोधन कि दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था गन्ने का भुगतान किया जाए, लेकिन अभी तक नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि गन्ने के भुगतान से ज्यादा के तो हवाई जहाज खरीदे। उन्होंने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री 16000 हजार के हवाई जहाज खरीद सकते हैं लेकिन किसानों के गन्ने का भुगतान नहीं कर सकते। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में 15000 करोड़ रुपये किसानों का गन्ना मूल्य बकाया है। महंगाई को लेकर भी प्रियंका गांधी ने केन्द्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डीजल टैक्स से 21 लाख 50 करोड़ कमाएं, लेकिन उसका कोई हिसाब नहीं मिला। यह पैसा किसानों को क्यों नहीं दिया गया।
उन्होंने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार आने से पहले पीएम मोदी ने 14 दिनों में भुगतान का वायदा किया था, जो किसानों को अब तक नहीं मिला है। प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों के गन्ने का दाम भी पिछले चार से नहीं बढ़ाया गया है। प्रियंका गांधी ने पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में सौंदर्यीकरण के लिए 20 हजार करोड़ की स्कीम बनाई जा रही है, लेकिन किसानों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। प्रियंका गांधी ने पूछा कि 2014 से अब तक मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स बढ़ाकर जो करोड़ों रुपये कमाए हैं वह कहां गए।
60 से बढ़कर 90 रुपये लीटर पहुंचा डीजल
महापंचायत में किसानों के समर्थन में बोल रहीं प्रियंका गांधी ने कहा इंसानों की तरह ही देश का दिल होता है। देश रहता है जब दिल धड़कता है। मेरा मानना है कि हमारे देश का दिल किसानों का है, जो जमीन से जुड़े हुए हैं, जमीन में फसल काटते हैं और बुवाई करते हैं, वे प्रदाता हैं। कांग्रेस सरकार का हवाला देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में डीजल की कीमत 60 रुपये लीटर थी जो आज 80 से 90 रुपये लीटर पहुंच गई है। गैस सिलेंडर और बिजली दरें भी बढ़ी हैं। कृषि कानून को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि किसान तड़प रहा है। भाजपा सरकार में खरबपतियों ने हजारों करोड़ कमाए है, लेकिन किसान सड़क पर बैठा है।
23 फरवरी को मथुरा में किसान जनसभा को संबोधित करेंगी प्रियंका
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा 23 फरवरी को यहां किसानों के आंदोलन के समर्थन में तथा केंद्र सरकार के तीनों नए कृषि कानूनों की वापसी के लिए आयोजित जनसभा को संबोधित करने आ रही हैं। कांग्रेस के एक नेता ने इसकी जानकारी दी। कांग्रेस नेता ने बताया कि उनका यहां पवित्र यमुना नदी में स्नान करने और वृन्दावन के कुम्भ में पहुंचकर संतों से आशीर्वाद प्राप्त करने का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि इस दौरान वह ठा. बांकेबिहारी के दर्शन करने के लिए मंदिर भी जा सकती हैं ।