नई दिल्ली : कृषि कानूनों के खिलाफ जारी प्रदर्शन के बीच पंजाब में हुए निकाय चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। अब तक के नतीजे कांग्रेस को जहां सुकून देने वाले हैं, वहीं भाजपा को परेशान करने वाले हैं। पंजाब निकाय चुनाव के नतीजों में कांग्रेस जबरदस्त जीत की ओर बढ़ती दिख रही है, वहीं भाजपा और शिअद का प्रदर्शन काफी खराब दिख रहा है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले की अग्नि परीक्षा के तौर पर स्थानीय निकाय चुनाव के लिए आज वोटों की गिनती हो रही है। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से ही जारी है। दरअसल, पंजाब में 14 फरवरी को 117 स्थानीय निकायों पर चुनाव हुए थे, जिसमें से 109 नगरपालिका परिषद और नगर पंचायत हैं, वहीं, 8 नगर निगम शामिल हैं। आठ नगर निगम अबोहर, बठिंडा, बाटला, कपूरथला, मोहाली, होशियारपुर, पठानकोट और मोगा और 109 मगर पालिका परिषदों के 2252 वार्ड्स का रिजल्ट आज शाम तक स्पष्ट हो जाएगा। फिलहाल, शुरुआती नतीजों में कांग्रेस कमाल करती दिख रही है, वहीं नतीजों से ऐसा लग रहा है कि भाजपा को कृषि कानूनों का नुकसान होता दिख रहा है।
निकाय चुनावों में कांग्रेस की सफलता पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध और किसान आंदोलन की पृष्ठभूमि में हुए चुनावों में लोगों का भाजपा के प्रति गुस्सा साफ नजर आया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के सहयोगी रहे शिअद और आप भी किसानों के लिए ‘मगरमच्छी’ आंसू बहाते रहे और ढोंग करते रहे लेकिन मतदाताओं ने इन पार्टियों के शगूफों को समझ लिया था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यह नतीजे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तस्वीर स्पष्ट कर दी है और विधानसभा चुनावों में शिअद, भाजपा व आप का नाम पंजाब के राजनीतिक नक्शे से ही मिट जाएगा।
(इनपुट www.livehindustan.com)