रांची:राजधानी रांची में सैंपल जांच के लिए तो पहले से ही जांच केंद्रों के बाहर हर दिन लोगों की कतार लग रही है, अब श्मशान के बाहर मृतकों का शव जलाने के लिए पहुंची एंबुलेंस की भी कतार भी देखी जा रही है। रविवार को कुछ इसी तरह का दृश्य हरमू मुक्तिधाम स्थित शवदाह गृह (क्रिमेटोरियम) के बाहर दिखी। हुआ यूं कि यहां शवों को जलाने के लिए लगाई गईं दोनों मशीनें अचानक खराब हो गईं। इस वजह से कोरोना से मृत लोगों को लेकर पहुंची कई एंबुलेंस को इंतजार करने के लिए कहा गया। देखते ही देखते शवदाह गृह के बाहर कई एंबुलेंस कतारबद्ध हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को यहां 10 शवों को दाह-संस्कार के लिए एंबुलेंस से लाया गया था। दो शव जलने के बाद ही मशीन में खराबी आ गयी। शवदाह गृह की दोनों भट्ठी खराब हो गयी। उससे पूरा हिट नहीं निकल रहा था। दो शव जलाने के बाद जब तीसरा शव डाला गया तो वह फंस गया। इस वजह से देर शाम तक यहां एंबुलेंस की कतार लगी रही। इसके बाद जिला प्रशासन और रांची नगर निगम की ओर से शवों को जलाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जाने लगा। मशीन खराब होते ही शमशान स्थल की सफाई और सेनेटाइजेशन का काम शुरू कर दिया गया। बता दें कि पिछले साल भी कोरोना से मृत लोगों का यहां जिला प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार किया गया था।
(इनपुट www.livehindustan.com)